सोमवार, 25 मई 2020

भारतीय संस्कृति और अंत में - इतिहास से छेड़छाड़

ब्रिटिश राज के मध्य में और अंत में - इतिहास से छेड़छाड़ की प्रक्रिया शुरू हुई। शुरू के ब्रिटिश इतिहासकार भी सामान्य रूप से ही पुरातत्व का अध्ययन कर रहे थे। लेकिन जब अंग्रेजों की राजनीति आड़े आयी तब उन्होंने सबसे पहले भारतीय इतिहास को पाश्चात्य इतिहास से तुलना करना शुरू किया। और जहाँ-जहाँ उन्हें पाश्चात्य संस्कृति पिछड़ता दिखा, उन्होंने नई व्याख्या शुरू कर दी। इसमें उनका भी पूरा दोष नहीं है - उन्होंने तात्कालिक भारतीय विद्वानों से अधिक संवाद नहीं किया। शायद कर भी नहीं पाते क्यों की तत्कालीन भारतीय सत्ता का पोषण भारतीय मूल के विद्वानों को नहीं था। अरबी और फ़ारसी को ही विद्वत्ता का प्रतीक माना जाता था।
कालांतर में ब्रिटिश शाशकों को ये भी लगने लगा की इतिहास की व्याख्या से धार्मिक वैमनस्व स्थापित करना तथा इसके फलस्वरूप "फूट डालो और शाषण करो" को आसानी से फलीभूत किया जा सकता है। इतिहास की कई व्याख्या में ये बात मुखर होती है - व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है की देश के विभाजन के आधार में ये बातें भी जरूर रही होंगी।
आजादी के बाद इस से भी वीभत्स अपराध किये गए। अंग्रेजों का तो हम फिर भी मान सकते हैं की वे तो दुश्मन थे ही - लेकिन नव निर्वाचित स्वतंत्र भारत के शाशकों द्वारा जान बूझ कर की गयी गलतियों को भूला नहीं जा सकता। एक बड़ा ही फुहड़ तर्क, की , भारतीय संस्कृति की महानता का सत्य, धार्मिक उन्माद को जन्म दे सकता है - इसके आधार पर वह हर संभव प्रयास किया गया ताकि भारतीय कभी भी अपनी संस्कृति का गर्व नहीं कर सकें। चलिए "गर्व" एक मानवीय भावना है - आपकी सतर्कता को थोड़ी देर के लिए सोच भी लें, फिर भी इसके कारण सत्य को बल पूर्वक दबा देना तो अपराध ही है न।
सबसे पहला कुकृत्य था - तथ्यों का इतिहास और काल्पनिक कहानियों में विभाजन। देखने से यह सामान्य लगता है लेकिन इसके पीछे सिर्फ दुर्भावना थी और कुछ भी नहीं। व्यक्तिगत रूप से मैं इसे आपराधिक ही समझता हूँ। सबसे ज्वलंत उदहारण है रामायण और महाभारत को काल्पनिक कहानी बताना और इसे इतिहास के पन्नो से पूरी तरह गायब कर देना। भारतीय संस्कृति पर सबसे क्रूर प्रहार था और इसे किया गया - इसी आधार पर स्ववंत्र भारत के २ पीढ़ियों को पोषित किया गया स्कूल और कॉलेज के किताबों द्वारा। ऐसा कर के उनके लिए अयोध्या, जनकपुरी, रामेश्वरम, सेतुसमुद्रम, हस्तिनापुर, कुरुक्षेत्र इत्यादि को शोध के परिप्रेक्ष्य/परिधि से बाहर करना आसान हो गया. जबकि सेतुसमुद्रम, समुद्र में छुपी द्वारका
, राम जन्मभूमि के साक्ष्य चीख चीख कर पुकारते रहे लेकिन उनपर ध्यान देने का कोई औचित्य ही नहीं था - कारण, जब आपने मान ही लिया की ये काल्पनिक कथाएं हैं तो शोध ही क्यों करना ?
आज भी जब मैं तमिल नाडु, केरल के बारे में वहां के मेरे कुछ मित्रों से बात करता हूँ तो बहुत सारे मानव निर्मित स्थापत्य (जिसमें से कुछ समुद्र में भी समाहित हो चुके हैं ) का अस्तित्व 15-२० हजार साल पहले का है। लेकिन हमारे तथाकथित इतिहासकारों ने जान बूझ कर कभी किसी ऐसी बात पर विचार ही नहीं किया जिस से "आर्यों के भारत पर आक्रमण" के उनके द्व्रारा स्वनिर्मित कालखंड पर प्रश्नचिन्ह लगें। मैंने तो कुछ ऐसे लेख भी पढ़े थे की पूरी रामायण की कहानी उत्तर प्रदेश से शुरू हो कर उत्तर प्रदेश में ही ख़त्म हुई थी - और किसी बाढ़ आयी नदी को समुद्र समझा गया होगा - सोचिये इस से हास्यास्पद क्या हो सकती थी। लेकिन ऐसे लेख लिखे जाते थे। भारतीय संस्कृति की मलिन छवि प्रस्तुत करने की कितनी कोशिश हुई और किस किस ने ऐसी कोशिशें की - इसकी भी कभी जांच होनी चाहिए।
एक दूसरा महत्वपूर्ण आयाम है - भारतीय संस्कृति के समय प्रवाह में श्रुति, लोक कथाओं, लोकगीत इत्यादि का महत्व। यह बात सिद्ध है की बहुत सारे वैदिक मन्त्रों और स्थानीय ज्ञान/बुद्धिमता की निरंतरता का आधार श्रुति परंपरा ही है। इसके बाद भी इतिहास में इनका पूरा निर्वासन भी एक षड्यंत्र ही है - सोचिये छत्रपति शिवाजी महाराज की महानता और उनके हर छोटे बड़े जीवन वृतांत को क्या कभी मराठी लोकगीतों और लोक कथाओं के बिना आप जान सकते हैं ? ये जो महाराष्ट्र के गांव-गांव में उनके चर्चे हैं, क्या इतिहास के पन्नों में उनकी कोई जगह नहीं ? अगर ऐसा हुआ तो 2-३ तीन पीढ़ी के बाद उनके बहुत सारे महान कार्यों को भी तथाकथित इतिहासकार काल्पनिक बता के ही छोड़ेंगे। यही बात पृथ्वीराज चौहान, गुरु नानक, बांकी सिख गुरु और विशेषकर गुरु गोबिंद सिंह जी पर भी लागू होती है - इतिहास के किताबों में उनका बहुत ही अल्प सन्दर्भ हमें इसी खतरे की और इशारा करता है। इसी प्रकार भारत के स्वतंत्रता संग्राम में स्थानीय नेतृत्व, भारत के हर क्षेत्र में मौलिक संघर्ष का इतिहास के पन्नों में अभाव और अप्रत्याशित रूप से कुछ गिने चुने लोगों का आधिपत्य भी संदेह उत्पन्न करता है। ये तो हाल की बातें हैं - तो 3-४ हजार साल पुराने तथ्यों का क्या किया होगा ये हम सिर्फ कल्पना ही कर सकते हैं।
मैं यह नहीं कहता ही स्थानीय कॉल कथाओं में कल्पना नहीं होती - जरूर होती है। साहित्यिक स्वतंत्रता अपने साथ कल्पना तो लाती ही है - लेकिन इसके आधार पर उसमें केंद्रित तथ्यों को तो भूला नहीं जाना चाहिए ? जिस देश में अधिकतर ज्ञान और इतिहास श्रुति परंपरा से कालांतर को पार करती है - उस देश में इसी मूल को तिरस्कृत करना - अगर न्यायिक अपराध नहीं - तो सांस्कृतिक अपराध तो अवश्य है। विशेष कर तब जब बलपूर्वक प्राचीन भारत के विश्वविद्यालयों को नष्ट किया गया हो - जब उनके पुस्तकालयों में स्थित लाखों किताबों को जला दिया गया हो।
मेरा मानना यह है की जिन साक्ष्यों के सन्दर्भ में हमारे पास उचित तर्क न हो उन्हें "अवर्णनीय", या "अप्रतिपादित" की श्रेणी में रखा जाना चाहिए। इन साक्ष्यों को काल्पनिक और मनगढंत कहना अपरिपक्व अथवा छुद्र मानसिकता का परिचायक है।

कोई टिप्पणी नहीं: