रविवार, 12 जुलाई 2020

गुरुग्राम के ऑफिस कोरोना से ठीक हुए लोगों से मांग रहे फिटनेस सर्टिफिकेट


इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की गाइडलाइन के अनुसार दस दिनों तक होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों में यदि सातवें से 10वें दिन के बीच कोई लक्षण नहीं उभरता है तो मरीज को स्वस्थ मान लिया जाता है। स्वास्थ्य विभाग या निजी अस्पताल मरीज की दोबारा जांच नहीं करवाते। इस गाइडलाइन से भले ही विभाग पर नमूनों की जांच का दबाव कम हो गया है, लेकिन इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। स्वस्थ होने का प्रमाण न होने के कारण मरीजों में खुद भी भय और भ्रम की स्थिति बनी रहती है। वहीं समाज के लोगों में भी उस व्यक्ति को लेकर संशय बना रहता है।
ऑफिसों में भी जाने से पहले संक्रमितों से फिटनेस सर्टिफिकेट की मांग की जाती है, लेकिन दोबारा जांच न होने से मरीजों को दिक्कत हो रही है। गुरुग्राम सेक्टर-4 निवासी रोहित ने बताया कि 15 जून को उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह 14 दिनों तक घर में ही आइसोलेट रहे। विभाग ने उनकी दोबारा कोई जांच नहीं कराई है, केवल दस दिन बाद फोन पर बात कर पूछा गया कि कोई दिक्कत तो नहीं। उसके बाद उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया। वह मानेसर की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अब वह ऑफिस जाना चाहते हैं, लेकिन कंपनी उनसे फिटनेस सर्टिफिकेट मांग रही है।
वहीं, शिवपुरी निवासी राहुल ने बताया कि चार जून को निजी अस्पताल से कराई गई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब वह पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। घर के बाहर से होम आइसोलेशन का पोस्टर भी हट गया है, लेकिन लोग अब भी उन्हें शक की नजर से ही देखते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे किसी भी मरीज को यदि कहीं ठीक होने का प्रमाण देने की आवश्यकता होती है तो संबंधित क्षेत्र का मेडिकल अधिकारी उसे लिखकर दे देता है। जिले में 6578 संक्रमित हैं, जिनमें से 5507 मरीज ठीक हो गए हैं। स्वस्थ्य होने वालों में 80 फीसदी होम आइसोलेशन में थे।
Image may contain: 1 person, standing

कोई टिप्पणी नहीं: