सोमवार, 22 जून 2020

पूर्व विधायक, मेरे मझले चाचा (ताऊ), स्व सुरेश चंद्र यादव, जिन्हें हम भाई बहन 'लाल पापा' कहते थे।


सुरेश बाबू सहरसा में ब्राह्मणवाद के विरुद्ध पिछड़े वर्ग का नेतृत्व करते रहे। दो बार विधायक हुए। वह भी महारानी गायत्री देवी के 'स्वतंत्र पार्टी' से। बाबू सत्येंद्र नारायण सिंह उर्फ़ 'छोटे साहेब' उन्हें बहुत मानते थे।
पहले मधेपुरा जिला के कुमारखंड से, फिर सहरसा जिला के सोनबरसा से विधायक बने ।
फिर 1972 में सहरसा से कांग्रेस के रमेश झा से हार गए या यूं कहें की बेईमानी से हरा दिए गए। काउंटिंग के समय पूरे केंद्र में लाइट ऑफ़ करके, और दिलचस्प था कि कोई पेट्रोमैक्स का भी इंतज़ाम नहीं था, सुरेश बाबू के पक्ष का बैलट बक्से बदल दिए गए।
पटना हाई कोर्ट में इलेक्शन सूट फाइल हुआ। सुरेश चंद्र यादव इलेक्शन सूट जीतने ही वाले थे कि वे ललित नारायण मिश्र के झाँसे में आ गए।
ललित बाबू का ऑफर था की कांग्रेस ज्वाइन करें, उन्हें सहरसा जिला परिषद् का अध्यक्ष बना दिया जायेगा और फिर कांग्रेस में प्रतिष्ठित पद दिया जायेगा। पर उन्हें इलेक्शन सूट वापस लेना होगा।
उनके चाचा यानि बीपी मंडल ने उन्हें चेताया कि, "सुरेश, सोच समझ कर फैसला करो। हमारे परिवार की इज्जत और प्रतिष्ठा इसलिए है क्योंकि हम समाज के लिए लड़ने वाले हैं। सत्ता के लिए हमने कभी कुछ नहीं किया। मैं लोहिया जी और इंदिरा जी की इच्छा के विरुद्ध भी जबरन इसलिए मुख्यमंत्री बना क्योंकि जिस तरह से तमाम सवर्ण पिछड़े वर्ग को प्रताड़ित कर रहे थे कि जगदेव बाबू और सतीश बाबू जैसे कोइरी कुर्मी व अन्य पिछड़े समाज के साथियों का कहना था कि मंडल जी अब आपको किसी तरह और किसी कीमत पर मुख्यमंत्री बनना है, और मैं बना।"
पर सुरेश बाबू का अपना लॉजिक था। "लाल बाबू (मंडल जी को यही कहते थे), हमारे आदमियों को रोज जेल में डाल रहें हैं, सड़कों पर उनपर हथियारों से हमला करवाया जा रहा है। मैं अब बर्दास्त नहीं कर सकता। मैं ललित बाबू के प्रस्ताव को मान रहा हूँ।"
यह फैसला सुनकर उनके छोटे भाई (मेरे पिताजी) रमेश चंद्र यादव रो पड़े। एडवोकेट होने के नाते वे सुरेश बाबू और मंडल जी दोनों के इलेक्शन एजेण्ट रहते थे।
सुरेश बाबू के चुनाव में कांग्रेस सरकार उन्हें गिरफ्तार भी किया था। वे बराबर कह रहे थे क़ि हम लड़ते रहेंगे। इस बात को सुनकर आसपास के कई गांव, खासतौर यादवों के, मुखिया वगैरह सहरसा में गंगजला स्थित सुरेश बाबू के आवास पर एकत्रित हो गए। सभी ने रमेश बाबू के व्यक्तवय का समर्थन किया क़ि हमें लड़ते रहना है, ब्राह्मणों के आगे घुटने नहीं टेकना है। पर सुरेश बाबू अपने फैसले को नहीं बदले।
वे जल्द कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्हें तत्काल सहरसा जिला परिषद् का अध्यक्ष (चैयरमैन) बना दिया गया।
दिल्ली जाने पर ललित नारायण मिश्र ने उनका दिलखोल कर स्वागत किया।
पर नियति का खेल कुछ और था।
3 जनवरी 1975 को बतौर भारत सरकार के रेल मंत्री के रूप में समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर एक नए प्लेटफार्म के उद्घाटन के समय बाबू ललित नारायण मिश्र पर बम से हमला हुआ जिसमें वे बुरी तरह ज़ख़्मी हो गए, और बाद में संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गयी।
आरोप आनंद मार्गियों पर लगा। परन्तु समस्त राजनैतिक परिदृश्य में शक की सुई श्रीमती इंदिरा गाँधी पर थी।
खैर सुरेश बाबू जो 1977 में सहरसा से जनता पार्टी के लोक सभा प्रत्याशी बनते, उनके चांस अब नहीं रहे।
1980 में सहरसा से चौधरी चरण सिंह की नई पार्टी "दलित मजदूर किसान पार्टी" से विधान सभा प्रत्याशी हुए लेकिन कांग्रेस से हार गए।
फिर राजनैतिक रूप से वे अधिक सक्रीय नहीं रहे।
Dr. Suraj Yadav (Delhi University)

कोई टिप्पणी नहीं: