जितेंद्र चौधरी
प्रधान सम्पादक
विशाल इंडिया
धर्म से मेरा मतलब आंतरिक धर्म से है, पंथों से नहीं। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई से धर्म का कोई लेना देना नहीं है। यह केवल पंथ हैं। और इन पंथो के नाम पर यह चार पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती है;
पंथ धर्म के नाम पर होते हैं चमत्कार
पंथ धर्म माफ करवा देता है बलात्कार
पंथ धर्म हो तो नशा भी लगता है प्रसाद
पंथ धर्म के नाम पर लोग होते हैं बर्बाद
धर्म पवित्र है। निःसन्देह वह लोगों के अध्यात्मिक विकास के लिए पथ प्रदर्शक है। परंतु जहां तक मूल्यों का संबंध है राजनीति तुच्छ है और धर्म उच्चतम है। और तुच्छ को कोई अधिकार नहीं है कि वह उच्चतम में हस्तक्षेप करें।
धर्म ने मानव चेतना को सदियों से ऊपर उठाया है। मनुष्य आज जो कुछ भी है, जो भी थोड़ी बहुत उसकी चेतना है उसका सारा श्रेय धर्म को है। राजनीति एक अभिशाप से ज्यादा कुछ नहीं है। और जो कुछ भी मानवता में गलत है, अभद्र है, राजनीति उन सबके लिए जिम्मेदार है।
धर्म के पास केवल प्रेम, शांति और दिव्य का अनुभव है परंतु दुर्भाग्य से राजनीति के पास शक्ति है। राजनीति शक्तिसंपन्न होने की वजह से सदा से धर्म में हस्तक्षेप करती हुई आई है। राजनीति ने ऐसे बहुत से धार्मिक मूल्यों को नष्ट कर डाला है जो पृथ्वी पर जीवन और मानवता के टिके रहने के लिए अपरिहार्य है। धर्म के पास परमाणु बम नहीं है। धर्म तो सत्य और अनंत सुख की खोज है। राजनीति के पास हृदय नहीं है और धर्म शुद्ध हृदय है। धर्म बिल्कुल गुलाब के फूल की तरह है जिसका सौंदर्य, जिसका काव्य, जिसका नृत्य जीवन को जीने योग्य बनाता है।
सही व वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ सभी समस्याएं हल की जा सकती हैं। परंतु राजनीति का सोचना है जितनी ज्यादा समस्याएं होंगी, प्रजा उतनी ही आश्रित और दयनीय होगी। और जब प्रजा दयनीय होगी तो राजनीति शक्तिशाली होगी। धर्म आपको प्रेम पूर्वक जीना सिखाता है, उत्साह पूर्वक जीना सिखाता है, तुम्हारे जीवन को एक गीत की तरह बनाता है, एक संगीत का झरना बहता है। धार्मिक व्यक्ति के पास ही स्पष्ट देखने की क्षमता होती है। धार्मिक व्यक्ति को किसी के वोटों की जरूरत नहीं है। धार्मिक व्यक्ति सत्य को कह सकता है क्योंकि धार्मिक व्यक्ति को किसी से कोई भी अपेक्षा नहीं होती है। राजनीति करने वाले लोग केवल प्यारा झूठ बोल सकते हैं, दिलासा देने वाला झूठ बोल सकते हैं ताकि उनको आपके वोट मिल सके। क्योंकि सच बोलना उनके जीवन के लिए बहुत खतरनाक हो जाएगा। वैसे भी सच बोलने वाले लोग आपको पसंद नहीं है। दुनिया में आज तक जिसने भी सच बोला है उसे तुमने फांसी पर चढ़ा दिया है। परंतु धार्मिक व्यक्ति फांसी लगने से भी नहीं डरता। उसे पता है मृत्यु सत्य भी है और निश्चित भी।
राजनीति का स्थान गंदी नालियों में है और धर्म का स्थान उन्मुक्त है, खुला हुआ स्वछंद आकाश है, जैसे कोई उड़ता हुआ पंछी। राजनीतिक लोगों की शक्ति एक कसाई की शक्ति से ज्यादा कुछ भी नहीं है, जिसमें कुछ भी महिमामंडन और सम्मान करने योग्य नहीं है।
राजनीतिक लोग झूठ पर जीते हैं और वायदों पर पलते हैं और वे वायदे कभी पूरे नहीं होते। राजनीतिक लोग विश्व के सर्वाधिक अयोग्य लोग हैं और उनकी एकमात्र योग्यता यह है कि वह सीधी साधी जनता को मूर्ख बना सकते हैं। सत्ता में आते ही वह भूल जाते हैं कि वह जनता के सेवक हैं। जब भी किसी देश में समस्या होती है राजनीतिक लोग उस समस्या को हल करने में हमेशा नपुंसक सिद्ध होते हैं। भारत में राजनीति सिर्फ दो बंदरों के बीच चुनाव तक सिमट कर रह गई है। राजनीतिक लोग भिखारी हैं जो भीख मांगते हैं। धार्मिक आदमी किसी के पास भीख मांगने नहीं जाएगा। धार्मिक आदमी सही मायनों में आत्मनिर्भर होता है। राजनीति युद्व पर चलती है, दंगों पर चलती है और अशांति उसका मुख्य हथियार है।
एडोल्फ हिटलर ने अपनी आत्मकथा में लिखा है, ''जब तक तुम्हारे दुश्मन न हो तुम एक महान नेता नहीं बन सकते और यदि तुम्हारे दुश्मन नहीं भी है तो यह झूठ पैदा करो कि तुम्हारा देश खतरे में है। तुम्हारा धर्म खतरे में है। क्योंकि लोग जब भयभीत हो तभी वह गुलाम बनने को तैयार होंगे और जब लोग भयभीत होते हैं तो वह राजनीतिक लोगों के समर्थक बन जाते हैं।"
उसने आगे कहा, "महानतम नेता युद्धों के दिनों में पैदा होते हैं। जब तक एक महान युद्ध न हो तब तक तुम एक महान नेता नहीं बन सकते। एक महान नेता बनने की आकांक्षा पूरी करने के लिए तुम्हें करोड़ों लोगों की हत्या करनी ही होगी।
पाकिस्तान बनाने वाला जिन्ना तनिक भी धार्मिक व्यक्ति नहीं था। अपितु उसने भी पंथ का धर्म की तरह इस्तेमाल किया। एक अलग देश बनाने के लिए मुसलमानों का आंदोलन खड़ा किया और अचानक जिन्ना एक महान मुसलमान बन गया।
दुनिया का कोई भी राजनीतिक व्यक्ति धार्मिक नहीं हो सकता। वह सिर्फ सत्ता के लिए धर्म का उपयोग करते हैं। धूर्त राजनीतिज्ञ व्यक्ति आपदाओं को अवसर बनाने में माहिर होते हैं।
(कुछ तथ्य ओशो की अष्टावक्र महागीता से साभार)