सुप्रिया शर्मा चंद बेहतर पत्रकारों में से एक हैं। जिनकी पत्रकारिता से हम सब सीखते हैं, उनके जैसे पत्रकार पर जिस तरह से एफ आई आर की गई है वह बता रहा है कि इस पेशे को ख़त्म करने के बाद कुछ बचे हुए लोगों को केस मुक़दमों में फँसा दिए जाने की कोई रणनीति बनी है। जनता आई टी सेल के झोंके में कब तक रहेगी। देखते हैं। यह बात कौन नहीं जानता कि तालाबंदी के दौरान लाखों लोगों को अनाज और भोजन की दिक़्क़त हुई। लोगों ने जगह जगह पर पत्रकारों को बताया। आप ख़ुद इस ख़बर को पढ़िए। एफ आई आर की कापी देखिए। एक मेहनती पत्रकार का अगर इस तरह हौसला तोड़ा जाता रहेगा तो नुक़सान आपका होगा। दलालों की तो मौज है। उनके लिए रोज प्रोपेगैंडा का चारा फेंका जा रहा है। जनता अपनी बात कहने के लिए तड़प रही है। अगर जनता के बीच ये सब सवाल गंभीर नहीं होंगे तो किसके होंगे ? बोलने की मामूली लोकतांत्रिकता पर चुप्पी हावी होती जा रही है। इतना अपराध बोध कहाँ जमा रखते हैं ? या फिर किसी बात से फ़र्क़ ही नहीं पड़ता ?
Ravish Kumar(NDTV)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें